चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कैंपस अस्पताल में श्री रानी दादी मंगालीवाला मल्टी स्पेशलिटी चैरिटेबल अस्पताल द्वारा एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श कैंप लगाया गया, जिसमें मुख्यातिथि के तौर पर मौजूद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने रिबन काटकर निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श कैंप का शुभारंभ किया।

मुख्यातिथि प्रो. बी.आर. काम्बोज ने कहा कि हमारे लिए स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है। इसलिए शरीर को स्वस्थ रखना हमारी प्राथमिक तौर पर जिम्मेदारी भी होती है। अगर हमारा शरीर ही स्वस्थ नहीं होगा तो हम कोई भी काम सही ढंग से नहीं कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि चाहे बच्चे हो, किशोर हो, युवा हो या फिर बुजुर्ग, सभी आयु वर्गों के लोगों को समय-समय पर चिकित्सा जांच करवानी आवश्यक है ताकि पता रहे कि हम किसी बीमारी से ग्रस्त तो नहीं है। उन्होंने बताया कि अगर हमें किसी भी बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखे तो तुरंत संबंधित चिकित्सक से जांच करवाना न भूलें। दूसरा है संतुलित आहार, हमें दैनिक जीवन में हरी पत्तेदार सब्जियां, सलाद, दालें व दूध का सेवन करना चाहिए ताकि शरीर को आवश्यक तत्व व फाइबर मिलता रहें, जोकि हमारे अंदर रोग प्रतिरोधी क्षमता भी बढ़ाएं।
उन्होंने बताया कि हमारी ज्ञानेंद्रियों में आंखें सबसे संवेदनशील अंग हैं। इनको स्वस्थ रखने के लिए रोजाना हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करें। साथ ही ताजा पानी से आंखों को छींटे मारते रहे, जिससे कि आंखें साफ रहें। उन्होंने बताया कि महिलाओं में खून की कमी संबंधित बीमारी अत्याधिक देखने को मिलती है, इससे निजात पाने के लिए महिलाओं को दैनिक जीवन में फलों, हरी सब्जियां व सलाद का सेवन अत्याधिक करना चाहिए। इसके अलावा रोजाना सुबह-शाम दांतों को साफ रखने के लिए ब्रुश करना चाहिए, जिससे कि हमारे दांत किसी भी बीमारी से ग्रस्त न हो। उन्होंने बताया कि 55 या इससे अधिक आयु के लोगों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवानी चाहिए ताकि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रह सकें। रोजाना सुबह टहलने जरूर निकलें साथ ही व्यायाम भी करना चाहिए। उन्होंने बताया कि कैंपस अस्पताल विश्वविद्यालय स्टाफ को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत रहता है।

कैंपस अस्पताल में कार्यरत एसएमओ डॉ. प्रीति मलिक ने बताया कि इस निशुल्क परामर्श कैंप में श्री रानी दादी मंगालीवाला मल्टी स्पेशलिटी चैरिटेबल अस्पताल के डॉ. रणजीत बैनीवाल (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. शकुंतला अग्रवाल (स्त्री रोग विशेषज्ञ) व डॉ. एलिस पूनिया (दंत रोग विशेषज्ञ) ने अपनी सेवाएं दी, जिसमें कुल 149 मरीजों की जांच की गई। उन्होंने बताया कि आंखों से संबंधित 113 मरीजों, दंत संबंधित 25 व 11 महिलाओं की स्त्री संबंधित रोगों की जांच की गई। इसके अलावा कैंप में मरीजों का ब्लड शुगर की भी जांच की गई।
परामर्श कैंप में मुख्यातिथि ने कैंपस अस्पताल में दी जा रही सुविधाओं को लेकर मरीजों से बातचीत की। साथ ही अन्य सुविधाओं का जायजा भी लिया। इस दौरान कैंपस अस्पताल से डॉ. विरेंद्र, डॉ. सुरभि व डॉ. पुष्पेंद्र भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर ओएसडी डॉ. अतुल ढींगड़ा, अनुसंधान निदेशक डॉ. जीतराम शर्मा, स्नातकोत्तर अधिष्ठाता डॉ. केडी शर्मा, मानव संसाधन प्रबंधन निदेशालय की निदेशक डॉ. मंजू मेहता, कृषि अभियंात्रिकी एवं तकनीकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. बलदेव डोगरा, सम्पदा अधिकारी एवं मुख्य अभियंता डॉ. एम.एस.सिधपुरिया सहित अन्य अधिकारीगण व कैंपस अस्पताल के स्टाफ मौजूद रहे।