कांग्रेस पार्टी द्वारा शुरू की गई ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ यात्रा को पूरे प्रदेश में जनता का भरपूर जन समर्थन मिल रहा है। उक्त वक्तव्य केंद्रीय मंत्री व भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की महासचिव एवं छत्तीसगढ़ राज्य की प्रभारी बहन कुमारी सैलजा ने बरवाला विधानसभा हलके से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी रहे भूपेन्द्र गंगवा द्वारा आयोजित ‘हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा’ में उमड़ी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। मंच का संचालन पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अशवनी शर्मा ने किया और आए अतिथियों का जोरदार स्वागत किया। सम्मेलन में पहुंचने पर बहन कुमारी सैलजा व अन्य वरिष्ठ नेताओं का फूलों के बुके व शॉल भेंट कर सम्मान किया गया।

सैलजा ने कहा कि ये भाजपा-जजपा सरकार केवल जुमलों की सरकार है और आज तक भी जितने वायदे इस सरकार ने किए किसी भी वायदे पर यह सरकार खरी नहीं उतरी सिवाय गरीबों पर जुल्म करने, उनसे जनहित के अधिकार छीनने और कमर तोड़ महंगाई के अलावा इस सरकार ने जनता को कुछ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ यात्रा के तहत जिस तरह से लोगों की भीड़ उमड़ रही है। आने वाले समय में प्रदेश में कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।
विशाल जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो यात्रा एक ऐतिहासिक यात्रा रही तथा आजाद भारत में किसी नेता द्वारा पैदल चलकर की गई अब तक कि यह सबसे बड़ी पदयात्रा रही है जिसमें उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों में जाकर जनता के दुख दर्द को सुना है। देश की जनता पूरी तरह त्रस्त है। सदन में गतिरोध को लेकर उन्होंने कहा कि माफी भारतीय जनता पार्टी को माँगनी चाहिए न कि राहुल गांधी जी को। श्रीमती इंदिरा गांधी से लेकर राजीव गांधी ने इस देश की एकता व अखंडता के लिए अपने प्राणों तक की आहुति दी है।
इस अवसर पर बोलते हुए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष चौ. रामकिशन गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि आज कमर तोड़ महंगाई, झूठे वायदे, लुभावने नारों के कारण प्रदेश का हर जन मानस सकते में है। उन्होंने भारी भीड़ से गद्गद् होते हुए भूपेन्द्र गंगवा की भी सफल आयोजन के लिए प्रशंसा की।