खाटूश्यामजी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशी की खबर है कि विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं की मांग पर हरियाणा राज्य परिवहन ने हिसार से सीधी खाटू श्यामजी के लिए बस सेवा की मंजूरी दे दी है। हरियाणा राज्य परिवहन के महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने आज अपने कार्यालय में अखिल भारतीय सेवा संघ के जिला अध्यक्ष विनोद गोयल व सजग के प्रदेशाध्यक्ष वास्तु आर्किटेक्ट सत्यपाल अग्रवाल, रोड़वेज के टी एम अनिल कुमार, स्टेशन सुपरवाइजर सुरेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर भागीरथ शर्मा, सुपरवाइजर अश्विनी कौशल आदि के साथ हुई एक मीटिंग में बताया कि बस आरंभ करने की सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और बहुत ही जल्द बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बस हर रोज़ सांय 3 बजे हिसार से चल कर रात को खाटूश्यामजी में रुकेगी तथा सुबह 9 बजे हिसार के लिए रवाना होगी। प्रबंधक ने जानकारी दी कि बस में सीनियर सिटीजन के लिए किराया आधा रहेगा।

उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय सेवा संघ, सजग (हरियाणा), यज्ञ हवन विश्व कल्याण, जय श्री श्याम परिवार, श्री श्याम दर्शन परिवार, श्री श्याम आराधना परिवार, श्री श्याम सेवा परिवार, लाला हरिचंद सेवासदन खाटूश्यामजी व सेवा फाउंडेशन हिसार के प्रतिनिधियों वरिष्ठ समाजसेवी विनोद गोयल, वास्तु काउंसलर सत्यपाल अग्रवाल, लाला हरिचंद सेवा सदन के संचालक दीपक गर्ग, पूर्व ज्वाइंट डायरेक्टर एन के गोयल,धीरज गर्ग, सुरेंद्र बागड़ी, हरि प्रकाश सिंगल, गजानंद गर्ग,विनोद बंसल, सुशील मित्तल, देवेंद्र गर्ग, विनोद अग्रवाल, बजरंग भारद्वाज, सुरेंद्र सैनी, सुमित कुकरेजा, अनुज बिश्नोई, सुशील जैन, मुकेश सैनी, अरुण सेठी, अतुल बागड़ी, जितेन्द्र ऐरन आदि ने हिसार से खाटू श्याम जी के लिए सीधी बस शुरू करवाने हेतु ज्ञापन दिया था जिस पर महाप्रबंधक ने तुरंत प्रभाव से कार्रवाई कर अनुमति दिलाने का काम किया है। विनोद गोयल व सत्य पाल अग्रवाल ने कहा है कि इस बस सेवा से हिसार व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खाटू श्याम जी जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी राहत मिलेगी।

खुशी की लहर से सराबोर मांग करने वाली सभी संस्थाओं ने हरियाणा राज्य परिवहन का आभार व्यक्त किया है।