हरियाणा के हिसार की राजगुरु मार्केट स्थित राम चाट भंडार के मालिक से 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई है। बुधवार दोपहर बाद बाइक सवार 2 युवक दुकान पर पहुंचे। उन्होंने मालिक को पिस्तौल दिखाकर डराया और पर्ची थमाकर चलते बने। पर्ची पर लिखा था – 10 करोड़ दे दो, नहीं तो गोली मार दी जाएगी। दो दिन का समय है तुम्हारे पास।

बताया गया है कि अनिल नाम के व्यक्ति ने फिरौती मांगी है। दुकान पर पहुंचे युवकों ने चेहरा नहीं ढका हुआ था। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। घटना के बाद से व्यापारियों में रोष है। लोगों ने राजगुरु मार्केट में पुलिस कर्मचारी की तैनाती की मांग की है।
बता दें कि राम चाट भंडार हिसार की मशहूर दुकान में से एक है। कुछ दिन पहले आग से दुकान जलकर राख हो गई थी। घटना में 2 करिंदों की मौत हुई थी।