हरियाणा के हिसार में सोनाली फोगाट के भाई और छोटू बैनीवाल को जान से मारने की धमकी मिली है। हमलावरों ने 21 मई की रात को उसकी कार के आगे बाइक लगाकर पिस्टल दिखाई। छोटू बैनीवाल के गनमैन के बाहर निकलने पर आरोपी धमकी देकर भाग गए। गनमैन की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।

सरकारी गनमैन महेंद्र सिंह ने बताया कि वह छोटू उर्फ रिषभ बैनीवाल के साथ तैनात है। रिषभ को कुख्यात अपराधियों से धमकियां मिली हुई है। जिस कारण एसपी हिसार के आदेश पर उसकी सुरक्षा में तैनात है। 21 मई 2023 की रात 8 बजे वह रिषभ की गाड़ी में श्याम विहार की तरफ जा रहे थे तो प्लेटिना बाइक पर तीन नौजवान लड़के आए और एकदम से गाड़ी के सामने मोटर साइकिल लगा दी।
गनमैन ने बताया कि बाइक की पिछली नंबर प्लेट नहीं थी। बाइक पर सवार पिछले लड़के ने अपने हाथ में लिए पिस्टल से इशारा किया और गाली गलौच किया। जब मैं अपना हथियार लेकर नीचे उतारा तो वे तीनों बाइक सवार रिषभ को जान से मारने की धमकी देकर अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए।
भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट के कभी विश्वासपात्रों में छोटू बैनीवाल का नाम आता था। छोटू सोनाली का धर्मभाई बना हुआ था। सोनाली की मौत पर रिषभ ने सुधीर सांगवान के बारे में कई खुलासे किए थे। रिषभ को काफी समय पहले कुख्यात अपराधियों से धमकी मिली थी। इसकी वजह से उसे सुरक्षा मिली हुई है।