विश्व संवाद केंद्र न्यास, हरियाणा द्वारा जैन गुरुगुल सभागार में देवर्षि नारद जयंती पर आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि गृह मंत्री अनिल विज ने हिसार के वरिष्ठ पत्रकार देवेंद्र उप्पल को न्यास के सर्वोच्च सर्वश्रेष्ठ लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। न्यास का यह आठवां राज्य स्तरीय समारोह था जिसकी अध्यक्षता प्रख्यात वकील डॉ. सूरत सिंह ने की। प्रसिद्ध पत्रकार सुशांत सिन्हा ने इस अवसर पर पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति का चित्रण किया।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत प्रचारक विजय कुमार, समाजसेवी संतराम शर्मा व मेयर कुलभूषण गोयल समारोह में विशिष्ठ अतिथि थे। केंद्र ने उप्पल को प्रशस्ति पत्र, श्रीफल, उत्तरीय, स्मृति चिह्न व 21 हजार रुपये की राशि से सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि केंद्र के निर्णायक मंडल ने सर्वसम्मति से देवेंद्र उप्पल के नाम को उनकी सकारात्मक, निष्पक्ष व निर्भीक पत्रकारिता के लिए चयनित किया।

उप्पल ने 1979 में पत्रकारिता शुरू की ओर ट्रिब्यून ग्रुप, टाइम्स गु्रप, हिन्द समाचार ग्रुप, हिन्दुस्तान टाइम्स आदि के लिए हिन्दी, पंजाबी और अंग्रेजी में रिपोर्टिंग की। इसके अतिरिक्त जी न्यूज, पी.टी.सी.आदि चैनलों के लिए भी कार्य किया। इस समय नवभारत टाइम्स, यूनिवार्ता व दैनिक पाठकपक्ष के लिए कार्य कर रहे हैं। इनका जन्म 1950 में हिसार जिले के भट्टू गांव में हुआ और पंजाब यूनिवर्सिटी चण्डीगढ से 1974 में एम.ए. की डिग्री हासिल की। 1995 में इन्हें पत्रकारिता स्टेट एवार्ड से सर्वश्रेष्ठ फीचर लेखन के कारण सम्मानित किया गया।
इन्टरनेशनल राइटर्स एसोसिएशन अमेरिका ने इन्हें मानद सदस्य का सम्मान प्रदान किया और सन् 2000 में यूनान में आयोजित विश्व कवि सम्मेलन में ”पीस पोयट्री पुरस्कारÓÓ से सम्मानित किया गया था। पिछले दिनों वैलबींग मीडिया ने इनका राज्य स्तरीय अभिनन्दन किया और भिवानी जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने भी पिछले दिनों सर्वश्रेष्ठ पत्रकार का सम्मान प्रदान किया। इसके अतिरिक्त स्थानीय स्तर पर अनेक सामाजिक संगठन व प्रशासन इन्हें सम्मानित कर चुके हैं। श्री उप्पल ने 101 फीट लंबी प्रेस टेलीग्राम लिखकर विश्व लिमका रिकॉर्ड दर्ज कराया था।
About The Author














