हिसार के लाहौरिया चौक से लेकर मिलगेट रोड का निर्माण कार्य गुरूवार को लोक निर्माण विभाग द्वारा आरंभ कर दिया गया है। निगम के पार्षदों ने जेसीबी मशीन चलवाकर निर्माण कार्य शुरू करवाया। नगर निगम के महापौर गौतम सरदाना ने बताया कि लाहौरिया चौक से मिलगेट तक का रोड पहले मार्किट कमेटी के अधीन था, जिसे बाद में लोक निर्माण विभाग को ट्रांसफर कर दिया गया। इस रोड का टैंडर पहले ही हो चुका था और अब इसका निर्माण कार्य आरंभ हो गया है। जल्द से जल्द इस रोड को पूरा करवाया जाएगा, ताकि लोगों को असुविधा ना हो।

उन्होंने कहा कि लाहौरिया चौक से जहाज पुल तक के रोड का निर्माण नगर निगम द्वारा पहले ही करवा दिया गया था। मेयर गौतम सरदाना ने कहा कि लाहौरिया चौक से मिलगेट तक के रोड की लंबाई 1690 मीटर की होगी। इसके निर्माण कार्य पर 5 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत आएगी। लोक निर्माण विभाग द्वारा यह रोड सीमेंट कंक्रीट से बनाया जाएगा, जिसके बीच में पेड़-पौधों के लिए डिवाइडर छोड़ा जाएगा। इस अवसर पर पार्षद डॉ उम्मेद खन्ना, पार्षद मनोहर लाल वर्मा व जय प्रकाश, पूर्व डिप्टी मेयर भीम महाजन, कार्यकारी अभियंता सचिन भाटी, एसडीओ दलबीर राठी, जेई मुकेश, लोकेश असीजा, विनोद तोशावड सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
फोटो : लाहौरिया चौक से लेकर मिलगेट रोड का निर्माण कार्य आंरभ करवाते नगर निगम पार्षद।