हरियाणा में हिसार के खरड़ गांव में घर की छत पर 8 महीने का भ्रूण मिला है। भ्रूण को एक प्लास्टिक के कट्टे में डालकर रखा हुआ था। घर में बदबू फैलने पर परिजन जांच करते हुए छत पर पहुंचे। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर अस्पताल में भिजवा दिया है।

खरड़ गांव के दलबीर सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करता है। शनिवार सुबह करीब 8 बजे वह अपने घर पर काम कर रहा था। उस समय घर में बदबू आनी शुरू हो गई। पूरे घर को चेक किया गया। छत पर प्लास्टिक का कट्टा पड़ा हुआ मिला। उसकी जांच की गई तो उसमें 8 महीने का भ्रूण था। इसके बाद गांव के सरपंच को सूचना दी गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
रंजिश निकालने के लिए छत पर फेंकने का शक
पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। साथ ही घटना की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। दलबीर ने बताया कि उसके घर के दोनों ओर खाली घर है। किसी ने रंजिश निकालने के लिए उसके घर की छत पर इसे फेंका है।