हिसार : केंद्र सरकार द्वारा दूरदर्शन केंद्र हिसार को बंद कर चंडीगढ़ स्थानांतरित करने के विरोध में दूरदर्शन बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले धरना प्रदर्शन बृहस्पतिवार को 43वें दिन राजेंद्र दुहन की अध्यक्षता में जारी रहा।
धरने पर मौजूद समिति के पदाधिकारियों ने इस बात पर खुशी जताई कि हिमाचल प्रदेश के दूरदर्शन केंद्र को दो घंटे प्रसारण वाले चैनल से बढ़ाकर 24 घंटे प्रसारण वाला चैनल बना दिया है लेकिन साथ ही दुख जताया कि हिसार में चार घंटे का प्रसारण चल रहा था। गत 19 मार्च, 2020 को एक पत्र जारी कर कहा गया था कि इस केंद्र को शीघ्र ही 24 घंटे प्रसारण वाला चैनल कर दिया जाएगा लेकिन सरकार ने इसको बंद ही कर दिया।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है तो केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपने गृह प्रदेश के लोगों को लुभाने के लिए दूरदर्शन केंद्र को 24 घंटे प्रसारण वाला कर दिया। हरियाणा की जनता ने लगातार दूसरी बार भाजपा की सरकार बनाई तो यहां केंद्र को बंद कर दिया। इसका सीधा-सीधा अर्थ है कि यदि हिसार दूरदर्शन केंद्र को फिर से शुरू करवाना है और 24 घंटे प्रसारण वाला केंद्र बनाना है तो हम सबको मिलकर अगली सरकार कांग्रेस की बनानी होगी।भ्कांग्रेसी नेता दीपेंद्र हुड्डा ने तो इस मुद्दे को कांग्रेस के घोषणा पत्र में शामिल करने का भी आश्वासन दिया है।
उन्होंने बताया केंद्र सरकार हरियाणा के साथ ऐसा व्यवहार कर रही है जैसे हरियाणा भारत में ना होकर पाकिस्तान में हो। इसलिए केंद्र सरकार तभी हमारी मांंग मानेगी जबकि हरियाणा में सरकार बदलेगी।
आज के धरने पर इंद्र सिंह मलिक, लक्ष्मी, राघव, वर्षा, मोहित, राजेश, जय भगवान लाडवा, बजरंग, महेंद्र छिछोलिया, धन्नू राम, सुरेश संधू, सावित्री, ऋतु कौशिक, कामिनी मलिक, शक्ति, ललिता, भगत, भावना आदि उपस्थित थे।
About The Author














