हरियाणा के हिसार के मोहल्ला डोगरान चौकी पुलिस ने इंश्योरेंस पॉलिसी के रुपए हड़पने के मामले में दो आरोपियों विनोद नगर हिसार निवासी जोगिंदर उर्फ सोनू और गांव घिराए निवासी अनिल को थाना एचटीएम हिसार में आईपीसी की धारा 420/406/467/468/471 के तहत अंकित अभियोग संख्या 20.01.2023 में गिरफ्तार किया गया है।

एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि गाँव राखी खास, हिसार निवासी राममेहर सिंह के लड़के विनोद कुमार ने एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में दो जीवन बीमा पॉलसी करवाई हुई थी। जिसमे से एक 2010 और दूसरी 2021 में पॉलिसी करवाई थी। 23.02.2021 को राममेहर के लड़के विनोद कुमार की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। 29.04.2021 को एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के ऑफिस में कंपनी के कर्मचारी अनिल कुमार ने विनोद के पिता राममेहर के कुछ कागजो व फार्मों पर हस्ताक्षर कर करवा लिये और पॉलसी से संबन्धित कागजात, आधार कार्ड इत्यादी ले लिये और राममेहर को उन्हें जमा करवाने का आश्वासन दिया। राममेहर को एक ही पॉलिसी के बारे में पता था जबकि मृतक विनोद कुमार ने एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में दो पॉलिसी ले रखी थी। एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी कर्मचारी अनिल कुमार ने भी मृतक विनोद कुमार के पिता राममेहर के इसके बारे में जानकारी नहीं दी। 14.04.2022 को एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के कर्मचारी रोहित धिगड़ा का राममेहर के पास फोन आया कि विनोद कुमार की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी की कुछ धनराशि बकाया है आप उसे एचडीएफसी लाइफ के कार्यालय में आकर ले जाओ। एचडीएफसी लाइफ के कार्यालय में जाने पर इंश्योरेंस कर्मचारी ने राम मेहर को 4 हजार 500 देते हुए बताया कि विनोद कुमार की दोनो इंश्योरेंस पॉलिसी का कुल 8 लाख 28 हजार 768 रुपए उनके बंधन बैंक के खाते में जमा किया जा चुका है। जबकि राममेहर ने इंश्योरेंस कंपनी कर्मचारी को स्टेट बैंक का अकाउंट दिया था और उसमे एक पॉलिसी के 2 लाख 16 हजार 905 रूपये जमा करवाए थे। तब मर्ताक विनोद के पिता राममेहर को धोखाधडी होने के बारे में पता चला। राममेहर की शिकायत पर थाना एचटीएम, हिसार में उपरोक्त अभियोग अंकित किया गया था।
एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के कर्मचारी अनिल कुमार, मुकेश और जोगिंदर उर्फ सोनू ने मिलकर मृतक विनोद कुमार की एक एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के रुपए धोखाधड़ी से हड़पे थे। विनोद की सड़क हादसे में मौत होने के पश्चात अनिल कुमार उसके पिता राममेहर से पॉलिसी संबंधित कागजात, उनके आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज लेकर आया था। जोगिंदर उर्फ सोनू ने उन दस्तावेजों पर राममेहर बन बंधन बैंक में एकाउंट खुलवाया और विनोद कुमार की दूसरी इंश्योरेंस पॉलिसी के पैसे उसी अकाउंट में ट्रांसफर करवाए। तीसरा आरोपी मुकेश कुमार इस धोखाधड़ी में इनके साथ था। जिसकी सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी है। ये तीनों आरोपी एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के कर्मचारी थे। आरोपी जोगिंदर उर्फ सोनू को पेश अदालत कर जेल भेज दिया गया है और अनिल कुमार को अभियोग में आगामी कार्रवाई के लिए 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
About The Author














