हिसार : हरियाणा सरकार की ओर से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित अनेक संदेश को लेकर खेलकूद प्रतियोगिताएं का आयोजन समय-समय पर करवाया जाते है ताकि ग्रामीण महिलाएं गांव के परिधि से बाहर निकल कर अपने आत्मविश्वास को जागृत कर सकें।

यह जानकारी देते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी डॉ अनिता दलाल ने बताया कि इसी कड़ी में सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महावीर स्टेडियम में जिला स्तरीय ग्रामीण महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन करवाया गया। 18 से 30 आयु वर्ग में खेलकूद प्रतियोगिता में 100 मीटर, 300 मीटर, 400 मीटर रेस तथा 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में आलू चम्मच, मटका तथा साइकिल रेस प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि ग्रामीण स्तर पर ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से जहां महिलाओं में छिपी प्रतिभा उजागर होने के साथ-साथ उन्हें और आगे बढऩे की प्रेरणा भी मिलती है। कार्यक्रम में आए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा प्रतिभागियों को जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ अनीता दलाल द्वारा एनीमिया के बारे में पूर्ण रूप से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार से वे अपना एवं बच्चों के खानपान पर ध्यान देकर उन्हें एनीमिया से मुक्त रख सकती हैं। कार्यक्रम में किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि आगे आने वाले समाज की नई पीढ़ी से स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सके।

उन्होंने बताया कि 100 मीटर रेस प्रतियोगिता में प्रथम मनेश, 300 मीटर रेस में रितिका तथा 400 मीटर रेस में अनिता ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी प्रकार आलू चम्मच प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सुमन तथा मटका रेस में प्रथम स्थान आशा ने प्राप्त किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ अनीता दलाल ने खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता प्रतिभागियों को क्रमश: 4100 रुपये, द्वितीय 3100 रुपये व तृतीय स्थान के लिए 2100 रुपये का नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी सुशीला, सरिता, कृष्णा चहल, मीना नागपाल व सुमन पाहुजा, सुपरवाइजर एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी स्टाफ सदस्य ने पूर्ण रूप से अपना सहयोग देकर खेलकूद प्रतियोगिता को सफल बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाई।