हिसार : गुरु सुदर्शन संघ के मुनिराज संघ नायक शास्त्री पदम चंद महाराज के सुशिष्य एवं संघ संचालक नरेश चंद महाराज के आज्ञानुवर्ती पं. दिनेश मुनि महाराज व विनीत मुनि महाराज ठाणे-2 ने जैन स्थानक, पी.एल.ए. में प्रातः काल आयोजित धर्म सभा में दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं को प्रवचन दिए। धर्म सभा की शुरुआत दिनेश मुनि महाराज ने संघनायक गुरु जी को ध्याएं, उनके चरणों में अर्ज लगाएं…. भजन गाकर की। उन्होंने प्रवचन देते हुए कहा कि भगवान की वाणी को बढ़ाना व उसे सुरक्षित रखना हम सबका कर्तव्य है। अच्छा बेटा वही है जो अपने बाप की संपत्ति को सुरक्षित रखने के साथ-साथ उसे कुछ बढ़ाए जरूर। जब तक मनुष्य का जीवन चलेगा, महापुरुषों का मार्गदर्शन चलता रहेगा।
परिवार से जुड़े रहो, हर सुख-दुख में परिवार के सहयोग व प्रेम से हर कष्ट दूर हो जाएगा।
आजकल एकल परिवारों का रिवाज चल पड़ा है। व्यक्ति समाज से भी कटने लगा है। एकल की बजाय संयुक्त परिवारों में सब कुछ सही रहता है। धर्म के प्रति श्रद्धा व भाव रखते हो तो यही सबसे बड़ा कर्तव्य है। जब भी कोई गुरु चरणों में कोई भाव लेकर जाता है तो गुरु उसे सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। हर गुरु अपने शिष्य को अच्छी दिशा देते हैं, उस दिशा से दशा बदल जाती है। कई बार सही मार्ग पर चलने वाला व्यक्ति हो तो उसे सही गाइड नहीं मिलता। बुरे कर्मों से दूर रहो। अच्छे कर्म करो। ऐसे काम करने चाहिए जिससे मन संतुष्ट रहे। आज के समय में व्यक्ति अच्छे कर्म करते हुए तो कई बार सोचता है किंतु गलत कर्म करते हुए क्षण भर के लिए भी नहीं सोचता। अच्छा काम या अच्छा करने का मौका मिले तो चूकना नहीं चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुरु जहाज के समान है जो मनुष्य को एक स्थान से दूसरे स्थान अर्थात भवसागर से पार कर देते हैं। उन्होंने सत्संग की महिमा बताते हुए कहा कि सत्संग में सुना हुआ एक भी शब्द जीवन में धारण कर लो तो मनुष्य का कल्याण ही कल्याण है। सैंकड़ों लोगों ने सभा में भाग लेकर धर्म लाभ लिया। मंच संचालन करते हुए नवीन जैन ने बताया कि 15 फरवरी को जैन स्थानक में 8 साल से बड़े लड़कों के लिए एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया जाएगा, जो प्रातः 8:00 बजे से शुरू होकर अगले दिन 15 फरवरी को दोपहर 12:00 बजे तक चलेगा। इस दौरान बच्चों के उत्थान के लिए अनेक तरह की प्रतियोगिता करवाई जाएंगी। जैन मुनियों का 15 फरवरी तक जैन स्थानक में ही प्रवास रहेगा। इस दौरान रोजाना प्रात: 8:30 बजे से 10:00 बजे तक धर्म सभा होगी। इस अवसर पर प्रवीन जैन, भरतराम, चरण किशोर, सुशील, शिव कुमार, अमर, नवीन, विनोद, अशोक, राजकुमार, दिनेश, मुकेश, प्रवीण, संजीव, दीपक, संतोष, प्रमोद, तन्मय सहित सैंकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
About The Author














