हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने बजट में हिसार के लिए गई घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया है। व्यापक लोकहित और अंत्योदय उत्थान की दिशा में बजट को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के मद्देनजर प्राकृतिक खेती को बढावा देने हेतु हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा। वर्ष 2023-24 में प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए 20 हजार एकड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में स्थापित किए जाने वाले प्रशिक्षण केंद्र से किसानों को इस दिशा में एक बड़ा लाभ होगा।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। खिलाडिय़ों को और आगे बढ़ाने की दिशा में विशेष प्रशिक्षण देने और खेल के दौरान लगने वाली चोट के बेहतर उपचार के लिए हिसार व रोहतक में वैज्ञानिक खेल प्रशिक्षण और पुनर्वास केंद्र (एस.टी.आर. सी.एस.) का निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्रालय के तहत कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ई.एस.आई.सी.) ने हिसार के साथ-साथ रोहतक, अंबाला और सोनीपत में 100 बिस्तरों वाले नए ई.एस.आई. अस्पतालों की स्थापना के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इस योजना से हमारे कामगारों व श्रमिकों को बड़ा फायदा मिलेगा।
डिप्टी स्पीकर ने सरकारी कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा शुरू किए जाने की साथ ही मीडियाकर्मियों को भी यह सुविधा प्रदान किए जाने व कलाकारों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए पंडित लख्मी चंद कलाकार सामाजिक सम्मान योजना नाम से 10 हजार रुपये पेंशन योजना शुरू करने की घोषणा के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
About The Author














