केंद्र सरकार द्वारा दूरदर्शन केंद्र हिसार को बंद कर चंडीगढ़ स्थानांतरित करने के विरोध में दूरदर्शन बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले धरना प्रदर्शन रविवार को 46वें दिन भी जारी रहा। धरने को समर्थन देने के लिए रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला स्वयं धरनास्थल पर पहुंचे।

धरने को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि जल्दी ही चुनाव होने वाले हैं और केंद्र और प्रदेश सरकार दोनों को ही इस दूरदर्शन केंद्र को स्थानांतरित करने का खामियाजा आने वाले चुनाव में भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जब भी हमारी सरकार आएगी तो इस दूरदर्शन केंद्र को ना केवल बहाल किया जाएगा बल्कि इसको अपग्रेड भी किया जाएगा और ऐसा जल्द ही होगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार नहीं बल्कि लुटेरों का गिरोह है क्योंकि सरकार ऐसे जनविरोधी फैसले नहीं लेती।

उन्होंने कहा कि इनेलो पार्टी पूर्ण रूप से दूरदर्शन बचाओ संघर्ष समिति के साथ हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इनेलो पार्टी की तरफ से दूरदर्शन केंद्र हरियाणा को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही दूरदर्शन को यहीं रहने देने की मांग नहीं मानी तो उसे इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा, क्योंकि हरियाणा की जनता सरकार के दूरदर्शन केंद्र हरियाणा को बंद करने के फैसले से नाराज है। उन्होंने संघर्ष समिति के सदस्यों से आह्वान किया कि वे अपना संघर्ष जारी रखें तो उनकी सुनवाई जल्द ही होगी।
इस अवसर पर नरेंद्र कौशिक धरती पकड़, ईश्वर सिंह सिहाग, राजेंद्र दुहन, ईश्वर सैनी, सावित्री बुगालिया, सुरेश संधु, रोहित, कुलदीप पूनिया, जितेंद्र श्योराण, दिनेश महला, अशोक ढांढा, करतार सिंह पूनिया, अमनदीप, संजीव भोजराज, रमनदीप, रोहित, विनोद, कामिनी मलिक, नीरज, जोगिंदर, इंद्र सिंह मलिक के अलावा इनेलो से उमेद लोहान व अन्य मौजूद थे।
About The Author














