आम आदमी पार्टी का संगठन बनने और जीन्द में तिरंगा यात्रा की सफलता से भाजपा-कांग्रेस तथा अन्य राजनीतिक दलों में हडक़ंप मचा है। यह बात ‘आप’ के जिला प्रधान (शहरी) रविन्द्र श्योराण ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में राष्ट्रीय पार्टी बनी आम आदमी पार्टी हरियाणा के सभी लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों में गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने नलवा हलके के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ जिला भर के युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि पार्टी के ग्राफ को और ऊंचाइयों तक ले जाना है। प्रांतीय अध्यक्ष सुशील गुप्ता, प्रचार कमेटी के कन्वीनर अशोक तंवर के साथ-साथ अन्य वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में जिला हिसार की टीम सबसे मजबूत टीमों में होगी।

शहर में सीवरेज, बिजली-पानी आदि अन्य समस्याओं पर बोलते हुए रविन्द्र श्योराण ने कहा कि यदि जिला प्रशासन ने इन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से नहीं कराया तो आम आदमी पार्टी जिला भर में आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगा। आजाद नगर सहित साथ लगती एक दर्जन कालोनियों में सीवरेज व्यवस्था ठप है। इसी तरह शांति नगर, संत नगर, निरंकारी भवन रोड, बस स्टैंड, मिलगेट आदि अनेक इलाकों में सीवरेज लबालब हैं। इससे न केवल बीमारियां फैलने का खतरा है अपितु सीवरेज का पानी घरों में बैक मार रहा है। इस अवसर पर पार्टी नेता शमशेर श्योराण, वीना, विजय कुमार, दीपक कुमार, हरेन्द्र, अजीत, रामचंद्र रंगा व अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।