चंडीगढ़/पंचकूला: हरियाणा में अब योग केवल व्यायाम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह स्कूली शिक्षा और सरकारी नौकरियों का अहम हिस्सा बनने जा रहा है। प्रदेश के स्कूलों में अगले शैक्षणिक सत्र से कक्षा 3 से 9वीं तक के सिलेबस में योग को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी अहम खबर है—अब हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) और हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की परीक्षाओं में योग से जुड़े प्रश्न अनिवार्य रूप से पूछे जाएंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (2026) के अवसर पर पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ये बड़ी घोषणाएं कीं। सीएम ने कहा कि इन फैसलों का उद्देश्य योग को जन-आंदोलन बनाना और युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम की 5 बड़ी घोषणाएं एक नजर में
- सिलेबस में योग: आगामी शैक्षणिक सत्र से कक्षा 3 से 9वीं तक के पाठ्यक्रम में योग शिक्षा लागू होगी। इसमें आयुर्वेद के कुछ अंश भी शामिल किए जाएंगे।
- नौकरी की परीक्षाओं में सवाल: HSSC और HPSC की परीक्षा नीति में संशोधन होगा। सभी भर्ती परीक्षाओं में योग से जुड़े प्रश्न अनिवार्य रूप से शामिल होंगे।
- मोरनी में बनेगा नया संस्थान: पंचकूला के मोरनी में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग का राज्य स्तरीय संस्थान (State Level Institute) स्थापित होगा, जहां ग्रेजुएशन लेवल (UG) के कोर्स संचालित होंगे।
- शिक्षकों को मिलेगी विशेष ट्रेनिंग: स्कूलों में नियमित योगाभ्यास के लिए सभी PTI, DPEd, PGT और चयनित PRT शिक्षकों को योगासनों की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी।
- खेल नीति में बदलाव: राज्य की खेल नीति में ‘योगासन’ को बाकायदा एक ‘खेल विधा’ (Sports Discipline) के रूप में शामिल किया जाएगा।
सरकारी स्कूलों में गूंजेगा राज्य गीत
मुख्यमंत्री सैनी ने शिक्षा और संस्कारों को जोड़ते हुए एक और बड़ा ऐलान किया। अब प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान ‘राज्य गीत’ का सामूहिक गायन सुनिश्चित किया जाएगा। सीएम ने कहा कि इससे विद्यार्थियों में राज्य के प्रति गौरव, अनुशासन और राष्ट्रीय चेतना का विकास होगा।
अब ‘स्पोर्ट्स एवं योग विभाग’ कहलाएंगे उच्चतर शिक्षा के खेल विभाग
विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में भी योग को बड़ा दर्जा मिलने जा रहा है। सीएम ने बताया कि हरियाणा के सभी उच्चतर शिक्षा संस्थानों के स्पोर्ट्स विभागों का नाम बदलकर ‘स्पोर्ट्स एवं योग विभाग’ किया जाएगा। इसके अलावा, प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में बन रहे 5 “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” में योग को एक प्रमुख घटक के रूप में शामिल किया जाएगा, ताकि रिसर्च और इनोवेशन को बढ़ावा मिल सके।
आयुष योग कोच के पदों पर जल्द होगी भर्ती: मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि पूर्व में स्वीकृत आयुष योग कोच और प्रशिक्षकों के रिक्त पदों पर बहुत जल्द नियुक्तियां की जाएंगी, जिससे रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
समारोह में ये दिग्गज रहे मौजूद पंचकूला में आयोजित इस भव्य राज्य स्तरीय समारोह में हरियाणा की स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चन्द गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा, महानिदेशक आयुष संजीव वर्मा, एडीजीपी (सीआईडी) सौरव सिंह, पुलिस कमिश्नर पंकज नैन, उपायुक्त सतपाल शर्मा, हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डा. जयदीप आर्य और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भण्डारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।