हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने राज्य के आम बजट में हर वर्ग व हर क्षेत्र को ध्यान में रखा है। इस बजट से हरियाणा के विकास को नई गति मिलेगी और राज्य प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा। यह प्रतिक्रिया मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर द्वारा प्रस्तुत किए गए आम बजट के बाद भारतीय जनता पार्टी के हिसार के कोषाध्यक्ष तरुण जैन ने व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सबका साथ-सबका विकास भारतीय जनता पार्टी की नीति रही है। आम बजट में भी इस नीति को सार्थक सिद्ध किया गया है। बुढ़ापा पेंशन में 250 रुपये की बढ़ोतरी करके सरकार ने सराहनीय कार्य किया है। अब 1 अप्रैल 2023 से सभी लाभार्थियों को 2750 रुपए पेंशन मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बजट में किसानों, मजदूरों, व्यापारियों व नौकरी पेशा सहित कलाकारों तक का पूरा ध्यान रखा गया है। सिंचाई व जल संसाधन से लेकर परिवहन और नागरिक उड्डयन तक सभी क्षेत्रों को बजट से लाभ मिलेगा। इतना ही नहीं गांवों व शहरों के विकास पर तो बजट केंद्रित है ही, इसके साथ-साथ युवा सशक्तीकरण व उद्यमिता को बढ़ावा देने की भी प्रभावशाली योजनाएं हैं। दो लाख बेरोजगार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए 250 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है।

तरुण जैन ने कहा कि परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए हरियाणवी कला प्रसार योजना व कलाकारों को प्रतिमाह पेंशन की योजना से राज्य की संस्कृति को बढ़ावा दे रहे कलाकारों का हौसला बढ़ेगा। अंत्योदय परिवारों पर केंद्रित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों तक सीधे पहुंचने के लिए विशेष प्रावधान करने की नीति स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का हमेशा प्रयास रहा है कि भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद व पर्ची-खर्ची से मुक्त ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जहां हर वर्ग व हर जाति के इन्सान को आगे बढऩे के समान अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के रियायती किराए की पात्रता आयु सीमा को 65 वर्ष से घटाकर 60 वर्ष करके सराहनीय कार्य किया है। इतना ही नहीं बड़े शहरों में सीवरेज के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए 200 करोड़ रुपये की राशि अलग से खर्च की जाएगी और नगर निगमों व परिषदों में 1000 नागरिक सुविधा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। ग्रामीणों की बेहतरी के लिए गांवों में 1000 नई पार्क एवं व्यायामशालाएं स्थापित की जाएंगी और 1000 ग्राम पंचायतों में ई-पुस्तकालय खोले जाएंगे। इसी भांति हर क्षेत्र के विकास के लिए बहुत सी नई योजनाएं लागू की जाएंगी।