स्ट्रेस में थी, बोली- ‘मेरी मेहनत पर पानी फिर गया‘
हिसार. हरियाणा के हिसार में NEET पेपर लीक और री-एग्जाम (Re-NEET) के तनाव ने एक होनहार छात्रा की जान ले ली। बरवाला क्षेत्र के खानबहादुर निवासी 19 वर्षीय सिमरन ने एग्जाम सेंटर पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही आत्महत्या कर ली। छात्रा पेपर लीक विवाद और परीक्षा दोबारा होने के फैसले के बाद से ही भारी डिप्रेशन (स्ट्रेस) से गुजर रही थी।
परिजनों ने उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया है। इस घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीकर में कर रही थी तैयारी, मां-बाप से बोली- मेरी मेहनत खराब हो गई
परिजनों के मुताबिक, सिमरन राजस्थान के सीकर में रहकर पिछले एक साल से नीट की तैयारी कर रही थी। जब से नीट का पेपर दोबारा आयोजित (Re-NEET) करने की घोषणा हुई थी, वह काफी हताश हो गई थी। वह अक्सर अपने माता-पिता से कहती थी कि, “पापा-मम्मी, मेरी सारी मेहनत पर पानी फिर गया।” परिजनों ने उसे काफी समझाया और उसका हौसला भी बढ़ाया, लेकिन वह इस मानसिक दबाव को झेल नहीं पाई और जिंदगी की जंग हार गई।
बोली थी- ‘पापा 11:30 बजे चलेंगे, जल्दी आ जाना’
सिमरन का आज दोपहर 2 बजे हिसार के गंगवा स्थित एक स्कूल में एग्जाम था। उसने अपने पिता से कहा था कि, “पापा आप जल्दी आ जाना, हम सुबह 11:30 बजे हिसार एग्जाम देने के लिए चलेंगे।” लेकिन सेंटर के लिए निकलने से पहले ही सुबह करीब 9 बजे सिमरन ने जहर निगल लिया। हालत बिगड़ने पर घबराए परिजनों ने उसे तुरंत हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

पिता हैफेड में इंस्पेक्टर, छोटा भाई कर रहा JEE की तैयारी
सिमरन के पिता हैफेड (Hafed) में फील्ड इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। सिमरन का एक छोटा भाई भी है, जो वर्तमान में राजस्थान के सीकर में ही रहकर जेईई मेन्स (JEE Mains) की तैयारी कर रहा है। होनहार बेटी की अचानक हुई इस मौत से पूरे खानबहादुर गांव में मातम पसरा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
अस्पताल प्रबंधन की तरफ से पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और शहर के नागरिक अस्पताल (Civil Hospital) में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
(नोट: यदि आप या आपका कोई जानने वाला मानसिक तनाव या अवसाद से गुजर रहा है, तो कृपया किसी काउंसलर या हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। मदद हमेशा उपलब्ध है।)